पटना , मई 15 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने अधिकारियों को संभावित बाढ़ और सुखाड़ से निपटने की सभी तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व तथा गुणवत्ता के साथ पूरी करने के निर्देश दिये।

श्री चौधरी ने सिंचाई भवन स्थित सभागार में शुक्रवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्री कहा कि कार्य समाप्ति की अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना सभी जरूरी कार्य समय से पहले पूरे कर लिए जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उनका पुनर्मूल्यांकन कर कमियों को दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी बधाई के पात्र होंगे, जबकि जानबूझकर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक की शुरुआत में जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी का स्वागत करते हुए बाढ़ प्रबंधन एवं सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी दी।

उप मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए कटाव निरोधी कार्यों की प्रगति, तटबंधों की मरम्मत एवं अनुरक्षण, बाढ़ सुरक्षा सामग्री की उपलब्धता तथा संवेदनशील स्थलों की निगरानी पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित