घनौर , जनवरी 10 -- यूथ अकाली दल के प्रधान सरबजीत सिंह झिंजर ने शनिवार को घनौर में बहती घग्गर नदी में पड़े कटाव का मुद्दा उठाते हुए पंजाब सरकार के खिलाफ तीखा रोष जताया। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले आई बाढ़ के कारण घग्गर नदी में बड़े-बड़े कटाव पड़ गए थे, जिसके चलते आसपास के एक दर्जन से अधिक गांवों को भारी जान-माल का नुकसान झेलना पड़ा। लेकिन इतना समय बीत जाने के बावजूद भी पंजाब सरकार द्वारा अब तक ये कटाव नहीं भरे गए हैं।

झिंजर ने आरोप लगाया कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय पंजाब सरकार माइनिंग कर अपना खजाना भरने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने टेंडर देकर माइनिंग तो शुरू कर दी है, जिसका कोई पारदर्शी हिसाब-किताब नहीं है, लेकिन नदी में पड़े खतरनाक कटावों की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।

कांग्रेस नेता मदनलाल जलालपुर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आज वह घग्गर नदी के मुद्दे पर केवल राजनीति कर रहे हैं, जबकि 2017 से 2022 तक उनकी सरकार के समय और उससे पहले भी जब वह विधायक थे, उस दौरान घग्गर नदी में अवैध माइनिंग होती रही। उस समय न तो उन्होंने कोई सवाल उठाया और न ही कोई कार्रवाई करवाई।

घनौर के विधायक गुरलाल घनौर पर भी तीखा हमला करते हुए झिंजर ने कहा कि विधायक को अपने हलके के लोगों की कोई परवाह नहीं है। बाढ़ के दौरान नुकसान झेल चुके लोग आज भी सरकारी मदद की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान पर आरोप लगाते हुए झिंजर ने कहा कि पंजाब के लोगों का पैसा पंजाब की समस्याएं हल करने के बजाय दिल्ली भेजा जा रहा है। आज पंजाब कर्ज के बोझ तले दबा हुआ है, लेकिन सरकार की प्राथमिकता पंजाब के किसानों, गांवों और नदी क्षेत्रों की सुरक्षा की बजाय अपने आकाओं की गुलामी करना बन गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित