रायपुर , मई 27 -- छत्तीसगढ़ में समग्र शिक्षा अभियान के तहत वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट प्रस्ताव को लेकर मंत्रालय महानदी भवन में उच्चस्तरीय बैठक बुधवार को आयोजित की गई।
मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शिक्षा व्यवस्था को अधिक गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और समावेशी बनाने पर विशेष फोकस किया गया।
बैठक में समग्र शिक्षा अंतर्गत प्रस्तावित नवीन कार्यों, निर्माण योजनाओं तथा विभिन्न परियोजनाओं के युक्तियुक्तकरण के बाद स्थल परिवर्तन संबंधी प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर अनुमोदन प्रदान किया गया। साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शाला प्रबंधन समितियों के माध्यम से कराए जाने वाले निर्माण कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी बजट योजना केवल भवन निर्माण तक सीमित न रहे, बल्कि विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने वाले नवाचारों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूलों में संसाधनों, प्रशिक्षित शिक्षकों और तकनीकी सुविधाओं को समान रूप से मजबूत करना आवश्यक है।
बैठक में माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आईसीटी लैब स्थापित करने, सभी स्कूलों में हाई-स्पीड इंटरनेट उपलब्ध कराने तथा डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने पर सहमति बनी। इसके अलावा कक्षा एक, आठ और 10 में ड्रॉपआउट दर को शून्य करने के उद्देश्य से विशेष ट्रैकिंग सिस्टम विकसित करने और स्कूल छोड़ चुके बच्चों के लिए ब्रिज कोर्स संचालित करने का निर्णय लिया गया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप शिक्षकों के चरणबद्ध प्रशिक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया। गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के लिए विशेष मास्टर ट्रेनर तैयार किए जाएंगे। वहीं जिन स्कूलों में आधारभूत सुविधाओं की कमी है, वहां अतिरिक्त कक्ष, बालिका शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और बाउंड्रीवॉल निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
बैठक में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संसाधन कक्ष, थेरेपी यूनिट और विशेष शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही कक्षा 9 से 12 तक व्यावसायिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए कृषि, आईटी, हेल्थकेयर और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप पाठ्यक्रम संचालित करने पर बल दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित