पटना , अगस्त 21 -- िश्व उद्यमिता दिवस 2026 के अवसर पर उद्योग विभाग की ओर से स्टार्टअप बिहार के माध्यम से शुक्रवार को सभी जिलों में राज्यव्यापी "स्केल-अप एंड मार्केट एक्सेस" कार्यक्रम आयोजित किया गया। 47 स्टार्टअप सेल्स पर आयोजित इस कार्यक्रम में 6,000 से अधिक वर्तमान एवं भावी इनोवेटर्स ने भाग लिया।
"स्केल बियॉन्ड द आईडिया. रिच बियॉन्ड द मार्केट" की थीम और "स्टार्ट लोकल. स्केल ग्लोबल" के संदेश के साथ आयोजित इस पहल का उद्देश्य स्टार्टअप्स को विचार एवं शुरुआती चरण से आगे बढ़ाकर उत्पाद के व्यावसायीकरण, बाजार तक पहुंच, व्यवसाय विस्तार और सतत विकास की दिशा में सहयोग प्रदान करना था। जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में स्टार्टअप संस्थापक, उद्यमी, विद्यार्थी, उद्योग विशेषज्ञ, सरकारी अधिकारी, मेंटर एवं इन्क्यूबेशन इकोसिस्टम से जुड़े प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रमों में स्टार्टअप उत्पादों का लॉन्च एवं प्रदर्शन, सफल उद्यमियों की प्रेरक कहानियां, स्केल-अप एवं मार्केट एक्सेस पर विशेषज्ञ सत्र, नेटवर्किंग तथा सरकारी विभागों के साथ संवाद प्रमुख गतिविधियां रहीं।
उद्यमियों को सरकारी सहयोग, विभागीय सुविधाओं, प्रक्रियाओं, नियामकीय अनुपालन एवं व्यवसाय विस्तार से जुड़े अवसरों की जानकारी दी गई। साथ ही, संभावित ग्राहकों, साझेदारों और नए बाजारों से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए गए। मौके पर सफल उद्यमियों एवं उद्योग विशेषज्ञों ने अपने उद्यमिता सफर, चुनौतियों, असफलताओं और उनसे मिली सीख साझा की, जिससे युवा एवं भावी उद्यमियों को व्यवसाय निर्माण और रोजगार सृजन के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के तहत "इनोवेशन वॉल" की पहल भी की गई, जिसमें प्रतिभागियों को बिहार आधारित स्टार्टअप्स द्वारा नवाचार के माध्यम से हल किए जा सकने वाले वास्तविक समस्याओं की पहचान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। यह राज्यव्यापी पहल महानगरों से आगे जिला स्तर तक उद्यमिता सहयोग को पहुंचाने और बिहार के स्टार्टअप इकोसिस्टम को अधिक समावेशी एवं बाजारोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
यह कार्यक्रम बिहार में एक सशक्त, समावेशी और बाजारोन्मुख स्टार्टअप इकोसिस्टम के निर्माण के प्रति उद्योग विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित