पटना , मई 26 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के सड़क नेटवर्क को और मजबूत बनाने पर जोर देते हुए सभी जिला मुख्यालयों को फोर-लेन सड़क से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने आज लोक सेवक आवास, 1 अणे मार्ग स्थित 'संकल्प' सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभाग के कार्यों की अद्यतन स्थिति एवं भावी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में लोगों की त्वरित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के सुदूर क्षेत्रों से पांच घंटे में पटना पहुँचने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है।उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य में निर्माणाधीन सभी एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं स्टेट हाई-वे के कार्यों को तीव्र गति और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने सभी जिला मुख्यालयों को फोर-लेन सड़क से जोड़ने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन स्थल, सांस्कृतिक विरासत, औद्योगिक कॉरिडोर, विशेष कृषि उत्पादन क्षेत्र एवं प्रमुख बाजारों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान की जाए, जिससे आर्थिक विकास को गति मिले और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।

उन्होंने पुलों की गुणवत्ता और मजबूती की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिया। साथ ही ब्रीज मेंटेनेंस पॉलिसी को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर विक्रमशीला पुल के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य तथा कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6-लेन पुल को जुलाई के पहले सप्ताह तक पूर्ण करने का निर्देश दिए।

बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से राज्य में निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों एवं स्टेट हाई-वे की प्रगति तथा उनकी पूर्णता की संभावित समय-सीमा की जानकारी दी।

बैठक में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक तथा एनएचएआई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित