नयी दिल्ली , जनवरी 29 -- दिल्ली सरकार ने सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला-2026 मेले के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए सुरक्षित, विश्वसनीयऔर किफायती सार्वजनिक परिवहन सुनिश्चित करने के लिए विशेष डीटीसी बस शुरू करने का फैसला किया है।
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को कहा, " सूरजकुंड मेला एक गौरवशाली सांस्कृतिक उत्सव है, जो देश- विदेश से आने वाले लोगों को आकर्षित करता है। हमारी सरकार की प्राथमिकता सभी के लिए सुरक्षित, विश्वसनीय और किफायती परिवहन की सेवा उपलब्ध कराना है, ताकि हर परिवार और पर्यटक बिना किसी परेशानी के मेला ग्राउंड तक यात्रा कर सकें। यह डेडिकेटेड डीटीसी बस सर्विस मेट्रो स्टेशन से मेला ग्राउंड तक बिना किसी रुकावट के लास्ट-माइल कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी और साथ ही स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल मोबिलिटी को भी बढ़ावा देगी।"दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) 31 जनवरी से 15 फरवरी तक एक्सपेरिमेंट के तौर पर एक खास रूट पर विशेष तौर से बसें चलाएगा। परिवहन विभाग ने इंटर-स्टेट बस ऑपरेशन को आसान बनाने के लिए हरियाणा ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के साथ औपचारिक रूप से संवाद किया है, क्योंकि मेला ग्राउंड हरियाणा सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है।
इस व्यवस्था के तहत डीटीसी बदरपुर बॉर्डर मेट्रो स्टेशन से लेकर सूरजकुंड मेला ग्राउंड के बीच लगभग 4 किलोमीटर के रूट पर दो इलेक्ट्रिक 9-मीटर वाली बसें चलाएगी। यह बस रूट बदरपुर मेट्रो स्टेशन, बदरपुर बॉर्डर, राजीव गांधी स्टेडियम, पुल प्रह्लादपुर, सूरजकुंड चौक और मानव रचना स्कूल से होकर मेला ग्राउंड तक संचालित होगी, जिससे मेट्रो से आने वाले यात्रियों को लास्ट-माइल कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। ये इको-फ्रेंडली इलेक्ट्रिक बसें मेले के दौरान भीड़ कम करने में मदद करेंगी और सस्टेनेबल मोबिलिटी को भी बढ़ावा देंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित