सहारनपुर , अप्रैल 9 -- उत्तर प्रदेश विधान परिषद की विनियमन समीक्षा समिति के सभापति अश्विनी त्यागी ने सहारनपुर में अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी कार्यों में शासनादेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। सर्किट हाउस सभागार में जिले के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी मनीष बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने समिति के सभापति और अन्य सदस्यों को ओडीओपी के अंतर्गत काष्ठ निर्मित उत्पाद एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समीक्षा के दौरान आवास एवं शहरी नियोजन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गृह, शिक्षा, ऊर्जा, नगर विकास, जल शक्ति, परिवहन, समाज कल्याण, लोक निर्माण, ग्राम्य विकास समेत विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति का आकलन किया गया। सभापति अश्विनी त्यागी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों में शासनादेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रमों में उन्हें आमंत्रित किया जाए तथा उनके अनुभवों का लाभ उठाया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाई जाए और इस संबंध में जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाए। शिक्षा विभाग को नामांकन बढ़ाने तथा छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को जिला विद्युत समिति की नियमित बैठकें आयोजित करने तथा लोक निर्माण विभाग को सड़क सुरक्षा समिति की बैठकें सुनिश्चित करने के साथ अवैध कट बंद कराने को कहा गया।

पुलिस विभाग को मिशन शक्ति अभियान के तहत स्कूलों में जाकर छात्राओं को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनसे स्पष्टीकरण तलब करने को कहा गया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह ने समिति को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। बैठक में जनप्रतिनिधि, जनपद के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित