जम्मू , अक्टूबर 15 -- जम्मू-कश्मीर में जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) तेजिंदर सिंह ने गुरुवार को सक्रिय पुलिसिंग, उच्च स्तर की सतर्कता और सभी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया।

श्री सिंह ने आज किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में उन्हें सुरक्षा स्थिति, आतंकवाद-रोधी तैयारियों, अलग-अलग रेंज के बीच तालमेल, अपराध रोकने के उपायों, नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गयी।

इस दौरान उनके साथ डोडा-किश्तवाड़-रामबन रेंज की पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सरगुन शुक्ला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सनी गुप्ता भी मौजूद थीं।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, एसडीपीओ, एसएचओ और पुलिस चौकी के प्रभारी शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित