पटना , अक्टूबर 01 -- माबंदी शुद्धीकरण अभियान को गति देने के लिए राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने सभी अंचल अधिकारियों के लॉगिन में अधूरी एवं त्रुटिपूर्ण जमाबंदियों का विवरण उपलब्ध करा दिया है। इन जमाबंदियों को रकबा, खाता और खेसरा के अनुसार चिह्नित कर अंचल स्तर पर उपलब्ध कराया गया है। अब अंचल अधिकारियों को रैयत के आवेदन का इंतजार किए बिना उपलब्ध मूल अभिलेखों से मिलान कर इन जमाबंदियों को दुरुस्त करना है। विभाग ने इसके लिए 31 अक्टूबर की समय-सीमा तय की है। इस अवधि में कार्य पूर्ण करने के लिए गति बढ़ाने की जरूरत है।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने गुरुवार को शास्त्रीनगर स्थित राजस्व (सर्वे) प्रशिक्षण संस्थान, शास्त्रीनगर, पटना में पटना, भोजपुर एवं मुंगेर जिले के अंचल अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि 15 सितंबर से 31 अक्टूबर तक चल रहे विशेष अभियान के तहत जिन अधूरी जमाबंदियों की सूची अंचल अधिकारियों के लॉगिन में उपलब्ध कराई गई है, उनका निष्पादन निर्धारित अवधि में हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
सचिव ने कहा कि विभाग के स्तर से अधूरी जमाबंदियों को चिह्नित कर अंचल अधिकारियों के लॉगिन में उपलब्ध कराया गया है। इनमें रकबा, खाता, खेसरा एवं अन्य आवश्यक विवरण के आधार पर जमाबंदियों की जानकारी दी गई है। अंचल अधिकारी अपने लॉगिन में उपलब्ध सूची के आधार पर हलका वार कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके लिए राजस्व कर्मचारियों को उनके हलका में भेजें। उनसे माइक्रो प्लान के हिसाब से कार्य कराएं।उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जमाबंदी सुधार के लिए रैयतों के आवेदन की प्रतीक्षा नहीं की जाएगी। लॉगिन में उपलब्ध कराई गई जमाबंदियों का संबंधित मूल अभिलेखों से सत्यापन कर अंचल स्तर से ही आवश्यक सुधार किया जाना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित