पानीपत , अक्टूबर 14 -- हरियाणा के राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को पानीपत जिले के इसराना में कार्रवाई करते हुए सब-ट्रेजरी में तैनात हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के क्लर्क सुरेंद्र सिंह को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने आरोपी से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता स्वास्थ्य विभाग में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एमपीएचडब्ल्यू) के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। उनके करीब 45 से 46 लाख रुपये के पेंशन लाभ बैंक खाते में ट्रांसफर करने के बदले आरोपी क्लर्क ने 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के मुताबिक मंगलवार को शिकायतकर्ता के बैंक खाते में 11 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपी रिश्वत की मांग कर रहा था।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को इसराना सब-ट्रेजरी परिसर में नए बस स्टैंड के पास 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। यह कार्रवाई एसीबी जींद की टीम ने की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित