मधुबनी , जुलाई 17 -- िहार के मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक सब इंस्पेक्टर पर चाकू से हमलाकर उन्हें घायल कर दिया तथा एक चौकीदार से मोबाइल फोन लूट लिया। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार देर रात रहिका थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन अपराधियों ने सब इंस्पेक्टर रूपक कुमार और उनके साथ मौजूद एक चौकीदार को घेर लिया। उस समय दोनों सादे कपड़ों में एक होटल से भोजन कर लौट रहे थे।इस दौरान अपराधियों ने सब इंस्पेक्टर रूपक कुमार से मोबाइल फोन मांगा, लेकिन उन्होंने मोबाइल देने से इनकार कर दिया। वहीं, उनके साथ मौजूद चौकीदार ने डर के कारण अपना मोबाइल अपराधियों को दे दिया। इसके बाद अपराधियों ने रूपक कुमार पर देसी कट्टा तान दिया, लेकिन उन्होंने साहस का परिचय देते हुए अपराधियों का विरोध किया।विरोध करने पर अपराधियों और सब इंस्पेक्टर के बीच हाथापाई हुई। इस दौरान बदमाशों ने चाकू से हमला कर रूपक कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। घायल पुलिस अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार और सदर डीएसपी-वन अमित कुमार मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलने पर रहिका थानाध्यक्ष ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर अपराधियों का पीछा किया, लेकिन वे अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए।उन्होंने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई है और उसके आधार पर अपराधियों की पहचान कर ली गई है। मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर डीएसपी-वन अमित कुमार और बेनीपट्टी डीएसपी के संयुक्त नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित