जालौन , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में मंगलवार को आम जनमानस को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण फल-सब्जियां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नवीन मंडी स्थल, कालपी रोड उरई में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सब्जियों एवं फलों में कृत्रिम रंगों के प्रयोग की आशंका को लेकर विशेष जांच की गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय के नेतृत्व में टीम ने भिंडी, हरी मिर्च, परवल, शिमला मिर्च, सेब सहित विभिन्न फल-सब्जियों से जुड़े आठ आढ़तियों के प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण किया। जांच के दौरान किसी भी सब्जी को कृत्रिम रंग से रंगे जाने का मामला सामने नहीं आया। वहीं सेब में कृत्रिम वैक्स के इस्तेमाल की भी पुष्टि नहीं हुई।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आढ़तियों एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं को फल-सब्जियों का व्यवस्थित ढंग से भंडारण करने तथा उपभोक्ताओं को ताजी और सुरक्षित सब्जियां उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि फलों एवं सब्जियों को अधिक आकर्षक दिखाने के लिए कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल न किया जाए। अधिकारियों के अनुसार कृत्रिम रंग स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं, जबकि प्राकृतिक रंग मानव उपभोग के लिए लाभकारी होते हैं।

टीम ने कहा कि सब्जी एवं फल मंडी में इस तरह के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही आढ़तियों से प्रतिष्ठान की क्षमता के अनुसार खाद्य पंजीकरण अथवा अनुज्ञप्ति बनवाने का आग्रह किया गया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार राय, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार कटियार एवं सुनील कुमार मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित