बैतूल , मार्च 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले का छोटा सा ग्राम सूरगांव अपनी अनोखी पहचान के कारण चर्चा में है।
जिला मुख्यालय से महज 7-8 किलोमीटर दूर आठनेर मार्ग पर स्थित यह गांव जहां एक ओर सब्जी उत्पादन के लिए जाना जाता है, वहीं दूसरी ओर यहां स्थित करीब 100 साल पुराना सूर्य मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
करीब 2000 की आबादी वाले इस गांव की अर्थव्यवस्था कृषि पर आधारित है। पारंपरिक फसलों के साथ यहां के किसान बड़े पैमाने पर सब्जियों की खेती कर रहे हैं। गांव में कुल लगभग 700 एकड़ कृषि भूमि में से 300 से 400 एकड़ क्षेत्र में गोभी, टमाटर, पालक, गाजर सहित अन्य सब्जियां उगाई जाती हैं। किसान आधुनिक खेती तकनीकों के साथ पारंपरिक अनुभव का उपयोग कर बेहतर उत्पादन ले रहे हैं।
स्थानीय किसान हेमराज बाड़बूदे के अनुसार, सूरगांव की सब्जियां केवल बैतूल मंडी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सारनी, इटारसी के साथ-साथ महाराष्ट्र के बाजारों में भी इनकी अच्छी मांग है। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलते हैं और उनकी आय में भी वृद्धि हो रही है।
गांव की शिक्षा व्यवस्था भी संतोषजनक है। यहां दसवीं तक सरकारी स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और निजी स्कूल उपलब्ध हैं। हालांकि उच्च शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को बैतूल और सेहरा जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है। गांव की साक्षरता दर करीब 80 प्रतिशत बताई जाती है, जो ग्रामीण क्षेत्र के लिहाज से सकारात्मक संकेत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित