रांची , जुलाई 30 -- झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया संयोजक डॉ. एम तौसीफ ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि जेपीएससी विवाद के सूत्रधार झारखंड के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी हैं।
श्री तौशिफ ने कहा कि सबसे पहले बाबूलाल मरांडी के ऊपर जांच होनी चाहिए। उन्होंने अपने कार्यकाल में अपने चहेतों को जेपीएससी का अध्यक्ष और सदस्य बनाया था। उनलोगों का बैकग्राउंड किस विचारधारा से था। यह किसी से छिपा नहीं है। उस दौरान जेपीएससी में धांधली कर बाबूलाल के चाहने वालों को नौकरियां रेबड़ी की तरह बांटी गईं। काफी विरोध हुआ, हजारों छात्र सड़क पर उतरे। दबाव के कारण जेपीएससी के पहले और दूसरे बैच को लेकर मुकदमा हुआ और मामला कोर्ट में गया। इससे यह प्रतीत होता है कि भाजपा ने सरकार में आने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था को बिल्कुल ध्वस्त कर दिया।
झारखंड में यह सिलसिला चलता है। उसके बाद भी भाजपा के कई मुख्यमंत्री आये लेकिन किसी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया। झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। उदाहरण के तौर पर जबसे केंद्र में भाजपा सत्ता में आई है लगातार पेपर लीक के मामले सामने आते रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित