नयी दिल्ली/मुंबई , फरवरी 25 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा है कि अगर सबका समर्थन मिला, तो श्री शरद पवार को महाराष्ट्र से राज्यसभा भेजा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी विधायक इस प्रस्ताव के बारे में पहले ही कांग्रेस विधायकों से बात कर चुके हैं। सुश्री सुले ने कहा कि वह दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगी और कांग्रेस और श्री उद्धव ठाकरे दोनों से आग्रह करेंगी कि वे महा विकास अघाड़ी से राज्यसभा के लिए श्री पवार की उम्मीदवारी को अंतिम रूप दें।
सुश्री सुले ने साफ किया कि श्री पवार के हाल के स्वास्थ्य परीक्षण की वजह से नामांकन पर अभी तक उनसे कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर जल्द ही बात की जाएगी। श्री पवार को हाल ही में रूबी हॉस्पिटल से छुट्टी मिली है और मंगलवार को मुंबई जाने की उनकी योजना है। अगले दो दिनों तक वे स्वास्थ्य निगरानी में रहेंगे। सुश्री सुले ने कहा कि पार्टी के अंदर यह मजबूत भावना है कि श्री पवार को राज्यसभा में राकांपा से प्रतिनिधित्व करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि श्री जयंत पाटिल और श्री शशिकांत शिंदे ने श्री ठाकरे से मिलने का समय मांगा है। श्री पवार की उम्मीदवारी को लेकर वह श्री संजय राउत और श्री अनिल देसाई के संपर्क में हैं। जिन 37 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, उनमें से महाराष्ट्र की सात सीटें हैं।
विधानसभा में मौजूदा संख्या के आधार पर सत्ताधारी महायुति गठबंधन को छह सीटें मिलने की उम्मीद है, जबकि महा विकास अघाड़ी को एक सीट मिलने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित