गोपालगंज, अक्टूबर 24 -- बिहार में गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने शनिवार को बैकुंठपुर प्रखंड के सफियाबाद गांव पहुंचकर गैस रिसाव से लगी आग की घटना में प्रभावित परिवारों से मुलाकात की।जिला पदाधिकारी ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को सफियाबाद गांव में गैस रिसाव के बाद लगी आग की चपेट में आने से कई लोग झुलस गए थे। घटना के बाद जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के माध्यम से आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई।

जिला प्रशासन द्वारा घटना में मृतकों के छह परिजनों को चार-चार लाख रूपये की दर से कुल 24 लाख रुपये की अनुग्रह राशि चेक के माध्यम से प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त, जिला प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को बीमा कंपनी के माध्यम से क्षतिपूर्ति राशि दिलाने के लिए भी आवश्यक पहल की जा रही है। घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही, अनुमंडल पदाधिकारी, गोपालगंज एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 की संयुक्त समिति द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित