यमुनानगर , अक्टूबर 12 -- हरियाणा में यमुनानगर के महापौर सुमन बहमनी ने कहा है कि सफाई सिर्फ अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने झाड़ू लगाकर और कस्सी चलाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों से सहयोग की अपील की।

सेवा संकल्प अभियान एवं स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से आज वार्ड नंबर 21 और 22 में बैंक कॉलोनी, गोल्डन पुरी और नीलकमल स्कूल क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ महापौर सुमन बहमनी, भाजपा जिला महामंत्री नरेंद्र सिंह, वार्ड पार्षद मनजीत कौर और रुचि शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कंबोज और सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया ने झाड़ू लगाकर किया। महापौर ने खुद कस्सी चलाकर सड़क किनारे उगी घास और गंदगी को साफ किया।

अभियान के दौरान नगर निगम की टीम और स्थानीय निवासियों ने मिलकर विभिन्न स्थानों पर सफाई की और एकत्रित कचरे को उचित निस्तारण के लिए भेजा गया। क्षेत्रवासियों को अपने आसपास सफाई रखने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।

महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर यमुनानगर-जगाधरी बनाना नगर निगम के साथ-साथ हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सफाई अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत का हिस्सा बनाना जरूरी है। शहर की स्वच्छता तभी सुनिश्चित हो सकती है, जब लोग अपने घरों के साथ-साथ गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने में सक्रिय सहयोग दें।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा खुले में न फेंकें और घरेलू कचरा डोर-टू-डोर संग्रहण वाहनों को ही सौंपें। जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को व्यापक रूप से सफल बनाया जा सकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की जिम्मेदारी निभाए तो स्वच्छता मुहिम प्रभावी बन सकती है।

अभियान में स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ आकाश कुमार, निगम सुपरवाइजर संदीप और अमित कुमार तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के सुपरवाइजर अमित चौधरी और दीपक सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित