पौड़ी , जून 17 -- उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने कहा है कि सफाई कर्मियों के कल्याण, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कर्मियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करते हुए उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराया जाए।

बुधवार को नगर निगम श्रीनगर सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री मकवाना ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ सफाई कर्मियों से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी समाज की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके हितों की रक्षा के लिए सभी विभागों को संवेदनशीलता और समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए।

बैठक में उपाध्यक्ष ने लंबे समय से कार्यरत संविदा सफाई कर्मियों के नियमितीकरण संबंधी शासनादेशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही विभिन्न संस्थानों में कार्यरत सफाई कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुसार वेतन, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने समाज कल्याण विभाग को विशेष शिविर आयोजित कर सफाई कर्मियों को ऋण, पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए अभियान चलाने को कहा। इसके अतिरिक्त महर्षि वाल्मीकि चौक के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा भगवान वाल्मीकि मंदिर क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।

श्री मकवाना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए सभी विभागों को गंभीरता और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित