चंडीगढ़ , जुलाई 25 -- शिरोमणि अकाली दल (पुनरसुरजीत) की कोर कमेटी के सदस्यों, सरवन सिंह फिल्लौर और बीबी परमजीत कौर गुलशन ने शनिवार को एक संयुक्त लिखित बयान जारी कर आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले जनता की हर समस्या को 'हरी कलम' से हल करने का दावा करने वाली आप सरकार अब महिलाओं तक पर पुलिसिया बल प्रयोग करने से नहीं हिचक रही है।
अकाली नेताओं ने खन्ना और बरनाला में सरकारी आदेशों पर पुलिस द्वारा की गयी कार्रवाई को अमानवीय और कानून का उल्लंघन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार पंजाब के लोगों और कर्मचारियों की समस्याओं को हल करना तो दूर, उन्हें सुनने तक के लिए तैयार नहीं है।
बयान में कहा गया कि कर्मचारियों को संतुष्ट करने के बजाय सरकार अपनी असहिष्णुता दिखाते हुए बलपूर्वक उनका दमन कर रही है। दोनों अकाली नेताओं ने मांग की है कि पंजाब सरकार इन दमनकारी हरकतों के लिए तुरंत राज्य की जनता से माफी मांगे और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित