यमुनानगर , सितंबर 11 -- हरियाणा के यमुनानगर में पिछले 35 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे सफाई कर्मचारियों को शुक्रवार को कांग्रेस की जिला शहरी इकाई ने समर्थन दिया। जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे और कर्मचारियों की लड़ाई में हर प्रकार से साथ देने की घोषणा की।
सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार अहंकार में चूर है और किसी की सुनने को तैयार नहीं है। सच बोलने वालों की आवाज दबाई जा रही है। सफाई कर्मचारियों की बात सुनने के बजाय उन्हें डराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने वादे पर खरा उतरे। सफाई कर्मचारी केवल पक्का किए जाने की मांग कर रहे हैं। शहर में चरमराई सफाई व्यवस्था के लिए सरकार का अड़ियल रवैया जिम्मेदार है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के सफाई कर्मचारी वर्षों से सरकार और जनता की सेवा कर रहे हैं, लेकिन जब उनके अधिकार और भविष्य की सुरक्षा की बात आती है तो सरकार चुप्पी साध लेती है। कच्चे, ठेका और संविदा कर्मचारियों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई है। कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर सेवा की, इसके बावजूद वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित