चंडीगढ़ , सितंबर 16 -- पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने सफाई कर्मचारियों और कचरा बीनने वालों के बच्चों के लिए प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का विस्तार करने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है।
श्री सांपला ने बुधवार को जारी बयान में राज्य सरकार और शिक्षा विभाग से केंद्र की ओर से उपलब्ध कराए गए पात्र विद्यार्थियों के विवरण का तत्काल सत्यापन कर सभी योग्य बच्चों की सूची तैयार करने तथा उनके छात्रवृत्ति आवेदन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव या प्रक्रियागत देरी के कारण कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 'नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम' (नमस्ते) के तहत सत्यापित सफाई कर्मचारियों और कचरा बीनने वालों के बच्चों को प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना का लाभ देने की प्रक्रिया शुरू की है। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को पात्र बच्चों का विवरण उपलब्ध कराया है, ताकि उन्हें छात्रवृत्ति का लाभ मिल सके।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सांपला के अनुसार अब तक करीब 90,000 सीवर एवं सेप्टिक टैंक कर्मचारियों और 2.5 लाख से अधिक कचरा बीनने वालों का सत्यापन किया जा चुका है। योजना के अगले चरण में ग्रामीण क्षेत्रों के सफाई कर्मचारियों और नालों की सफाई से जुड़े कर्मियों को भी शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा अगली पीढ़ी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सफाई कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता से उन्हें पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी और उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित