चंडीगढ़ , सितंबर 1 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार सफाई कर्मचारियों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार सफाई कर्मचारियों की 12 मांगें पहले ही स्वीकार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि न्यायालयों में विचाराधीन मामलों का सरकार स्तर पर तत्काल समाधान संभव नहीं है और ऐसे मामलों में अदालतों के निर्देशों के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री विधानसभा में विधायक विकास सहारन द्वारा सफाई कर्मचारियों से संबंधित उठाए गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल इस मुद्दे पर सदन में पहले ही विस्तृत बयान देकर विपक्ष और प्रदेश की जनता को पूरी स्थिति से अवगत करा चुके हैं।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि सफाई कर्मचारियों से जुड़े ऐसे मुद्दे कांग्रेस शासन के दौरान भी सामने आते रहे हैं। वर्तमान सरकार इन समस्याओं से मुंह मोड़ने के बजाय उनके समाधान की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे का राजनीतिकरण करने का प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को सदन में किसी भी मुद्दे को उठाने और अपनी चिंताओं को रखने का पूरा अधिकार है। सरकार हर जायज मुद्दे का जवाब देने और उसके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित