चंडीगढ़ , मई 08 -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि सफाई कर्मचारी स्वच्छता के प्रहरी हैं और प्रदेश सरकार को अपने इन सफाई योद्धाओं पर गर्व है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों के संबंध में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर जल्द समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय नरवाना में आयोजित विभागीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में नगर परिषद नरवाना के अंतर्गत आने वाले शहर के स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि नरवाना शहर को सुंदर, सुरक्षित और विकसित बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शहर के समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार किया जा चुका है और सभी परियोजनाएं पूरी होने के बाद शहर विकास के नए दौर में प्रवेश करेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि हाल ही में हुई हाउस बैठक में आगामी वित्त वर्ष के लिए नगर परिषद का 46 करोड़ छह लाख रुपये का वार्षिक बजट पारित किया गया है।
बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री ने सफाई कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनका मांग पत्र लिया। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर मुख्यमंत्री से चर्चा कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
श्री बेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी सामाजिक भत्ते प्रत्येक महीने की 10 तारीख तक लाभार्थियों के खातों में पहुंचाने का वादा किया है। इसी क्रम में इस महीने भी आइ मई को ही करोड़ों रुपये लाभार्थियों के खातों में भेज दिये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित