देहरादून , जुलाई 10 -- उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग उपाध्यक्ष दर्जाप्राप्त राज्यमंत्री भगवत प्रसाद मकवाना ने शुक्रवार को सचिव शहरी विकास नितेश कुमार झा से भेंट कर राज्य में आबादी एवं क्षेत्रफल के आधार पर स्वछता कर्मचारियों के नये पद सृजित करने की माँग की।

उन्होंने सचिव को सौंपे 13 सूत्रीय माँग पत्र में कहा कि नगर निगम देहरादून में पारित प्रस्ताव के अनुसार पूरे प्रदेश के मोहल्ला स्वच्छता समिति एवं अन्य अस्थाई सफाई कर्मियों को रुपए 800 प्रतिदिन शीघ्र शासनादेश जारी किया जाए, नियमितीकरण नियमावली 2025 के अंतर्गत सफाई कर्मचारियों को शीघ्र नियमित किया जाए, प्रदेश की सभी नगर निगम नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत में क्षेत्रफल और आबादी के अनुसार सफाई कर्मचारी और पर्यावरण पर्यवेक्षक के नए पद सृजित कर 2015 के ढांचे को संशोधित किया जाए। उन्होंने पर्यावरण पर्यवेक्षक पद 50 प्रतिशत पदोन्नति तथा 50 प्रतिशत सीधी भर्ती के माध्यम से भरे जाने के विषय में शासन को सभी यूनियनों से सुझाव लेकर तथा पदोन्नति में कार्य की अवधि 7 वर्ष को घटाकर 5 वर्ष करने, सफाई कार्य में ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर सफाई कर्मियों की नई भर्ती मानकों के अनुसार करने और, पर्यावरण मित्रों का बीमा 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख किए जाने का अनुरोध किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित