कानपुर , जनवरी 29 -- कानपुर दक्षिण के पुलिस उपायुक्त दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुये कहा कि बचपन को जी भरकर जिएं, लेकिन भविष्य निर्माण के लिए पढ़ाई को प्राथमिकता दें। मोबाइल पर अधिक समय बिताने के बजाय किताबों के साथ समय बिताना ही सफलता की कुंजी है।
पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में गुरुवार को पुलिस उपायुक्त ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में समस्याएं आना स्वाभाविक है, उनसे घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करना चाहिए। परीक्षा के तनाव से बचने के लिए समय प्रबंधन सबसे आसान और प्रभावी तरीका है। छात्रों को चाहिए कि वे पहले से तय करें कि कब और क्या पढ़ना है, जिससे पढ़ाई का दबाव कम होगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञ सनित मलिक ने छात्रों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति के बुलावे पर मिलने न जाएं और ऐसी किसी भी स्थिति में परिजनों को तुरंत जानकारी दें। नए एप डाउनलोड करते समय सतर्क रहें, क्योंकि साइबर अपराधी अनुमति के बहाने फोन हैक कर निजी जानकारी चुरा सकते हैं और ब्लैकमेल कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित