जयपुर , अप्रैल 28 -- सप्त शक्ति कमांड ने पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मंगलवार को यहां एक्स-सर्विसमैन कंट्रीब्यूटरी हेल्थ स्कीम (ईसीएचएस) कॉम्पलिअन्स सेमिनार का आयोजन किया।
रक्षा सूत्रों के अनुसार यह आयोजन पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति कमांड की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ईसीएचएस देश के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को कैशलेस एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है। यह योजना पॉलीक्लिनिक्स और एम्पैनल्ड अस्पतालों के विस्तृत नेटवर्क के माध्यम से संचालित होती है और इसे सुगम बनाने के लिए एक टोल-फ्री हेल्पलाइन की सुविधा भी है।
यह सेमिनार मुख्यालय 61 सब एरिया द्वारा, सप्त शक्ति कमांड के तत्वावधान में क्षेत्रीय केंद्र ईसीएचएस, जयपुर के समन्वय से सप्त शक्ति ऑडिटोरियम जयपुर में आयोजित किया गया। सेमिनार की अध्यक्षता सप्त शक्ति कमांड के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल पी.एस. शेखावत ने की। इसका उद्देश्य सभी हितधारकों और लाभार्थियों को एक साझा मंच पर लाना था ताकि पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की प्रणाली को और बेहतर बनाया जा सके। सेमिनार में पूर्व सैनिकों, एम्पैनल्ड अस्पतालों के प्रतिनिधियों, सैन्य अस्पतालों, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक्स, पीसीडीए, बीपीए तथा सेंट्रल ऑर्गनाइजेशन ईसीएचएस के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
विचार-विमर्श के दौरान प्रतिभागियों ने ईसीएचएस की नवीनतम नीतियों, पॉलीक्लिनिक्स एवं एम्पैनल्ड अस्पतालों में चिकित्सा उपचार की सर्वोत्तम प्रक्रियाओं, प्रमुख चुनौतियों तथा भविष्य की दिशा पर चर्चा की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित