धार , सितंबर 06 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में नवरात्रि की पंचमी के अवसर पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी 15 अक्टूबर को कचहरी पीपल्या से दिग्ठान स्थित माता के दरबार तक भव्य चुनरी कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा में सप्त नदियों के पवित्र जल से भरे कलश के साथ हजारों महिलाएं और संत समाज शामिल होंगे।

यात्रा की तैयारियों को लेकर कचहरी पीपल्या में बैठक आयोजित की गई। यात्रा संयोजक समंदर सिंह पटेल एवं चंदन सिंह ने बताया कि यात्रा में हर घर और गांव से महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए घर-घर पीले चावल देकर आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही गांव-गांव समितियों का गठन किया जाएगा।

यात्रा में घोड़े-बग्गी, ढोल-साज और बाजे विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच बड़ी संख्या में महिलाएं कलश धारण कर यात्रा में शामिल होंगी। यात्रा के दौरान संत समाज का विशेष समागम भी होगा।

बैठक में उपस्थित श्रद्धालुओं ने यात्रा को भव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। बैठक में समंदर सिंह पटेल, चंदन सिंह, कल्याण पटेल, घनश्याम सिंह मलगांव, विनीत मंडलोई, धर्मेंद्र जोशी, अजय चौधरी, सुनील दोराया, गोटू शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में मातृशक्ति को यात्रा से जोड़ने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित