हरिद्वार , जून 10 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में सप्तऋषि क्षेत्र के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के लिए उपजिलाधिकारी हरिद्वार योगेश मेहरा को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जानकारी के अनुसार आज प्रातः लगभग 7:30 बजे सप्तऋषि के पास हाईवे पर ट्रक और यात्री बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क पर पलट गई, जबकि ट्रक अनियंत्रित होकर पास स्थित श्रीराम ढाबा में जा घुसा।
बताया गया है कि बस में राजस्थान के 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 36 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए मेला चिकित्सालय पहुंचाया गया। हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जिससे यात्रियों और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश देते हुए उपजिलाधिकारी हरिद्वार को दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच करने को कहा है। जांच में हादसे के कारण, वाहन चालकों की भूमिका, सड़क की स्थिति तथा अन्य संबंधित तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जांच अधिकारी को निर्देशित किया है कि वह पांच दिनों के भीतर अपनी विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रशासन की ओर से घायलों के समुचित उपचार की भी व्यवस्था की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित