भरतपुर , सितम्बर 21 -- राजस्थान के करौली में सोमवार को नगर परिषद के सभापति चुनाव में कांग्रेस के सुनील सैनी सभापति निर्वाचित हुए, जबकि सपोटरा नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सपना बैरवा अध्यक्ष चुन गईं।

निर्वाचन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सैनी को 30 और भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा को 25 मत मिले।

नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के 28, भाजपा के 11, बसपा एक और 15 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे। सैनी की जीत से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

बीस सदस्यीय सपोटरा नगर पालिका में भाजपा की सपना बैरवा को कुल 16 मत मिले, जबकि कांग्रेस की कविता महावर को सिर्फ चार मत मिले। सपना बैरवा की जीत के बाद विधायक हंसराज मीणा और भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत की खुशियां मनाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित