अमेठी , जून 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक एवं पूर्व समाजवादी नेता ने समाजवादी पार्टी (सपा) में बढ़ते असंतोष का दावा करते हुए कहा है कि पार्टी के भीतर नाराजगी केवल कुछ सांसदों तक सीमित नहीं है, बल्कि अनेक विधायक, पदाधिकारी और लंबे समय से जुड़े कार्यकर्ता भी स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं।
सपा के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता पार्टी की कार्यप्रणाली तथा विचारधारा को लेकर असहज हैं। उचित समय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर सनातन आस्था और धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दों पर कार्यकर्ताओं की भावनाओं की अनदेखी की गई, जिससे असंतोष लगातार बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कई पुराने कार्यकर्ता स्वयं को सम्मान से वंचित महसूस कर रहे हैं। उनके अनुसार, पार्टी नेतृत्व को जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं और नेताओं की चिंताओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।
श्री सिंह ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के भीतर असंतोष का दायरा व्यापक है और आने वाले समय में इसके राजनीतिक प्रभाव देखने को मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व यदि समय रहते स्थिति का आकलन नहीं करता है तो उसे भविष्य में राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक और वरिष्ठ नेता द्वारा खड़ी की गई संगठनात्मक विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से कार्यकर्ताओं की भावनाओं और संगठन के भीतर बढ़ती नाराजगी पर ध्यान देने का आग्रह किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित