प्रयागराज , अक्टूबर 02 -- निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लगाए जा रहे आरोपों के बीच समाजवादी पार्टी ने गांधी जयंती से 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' और 'वोट बचाओ देश बचाओ अभियान' शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी नेताओं ने शुक्रवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस कर अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी दी।

सपा के गंगापार जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश और 30 सितंबर को नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन की बैठक में लिए गए निर्णय के तहत प्रदेशभर में दो से आठ अक्टूबर तक 'लोकतंत्र बचाओ सप्ताह' मनाया जा रहा है। इस दौरान सभी 75 जिलों में 'वोट बचाओ देश बचाओ' मार्च निकालकर लोगों को मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के पार्टी के आरोपों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे। सपा कार्यकर्ता मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन करेंगे तथा उन्हें पद से हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग करेंगे।

मेजा विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक संदीप पटेल ने बताया कि निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में संगठन की बैठकें आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालयों पर 'वोट बचाओ देश बचाओ' मार्च निकाला जाएगा।

उन्होंने कहा कि मार्च महात्मा गांधी अथवा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा या जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक जाएगा। निर्धारित स्थल पर राष्ट्रगान के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले का दहन कर कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। सपा नेताओं ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के निर्देशन में सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित