लखनऊ , जनवरी 31 -- ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने कहा है कि समाजवादी पार्टी (सपा) ने अब तक मुस्लिम समाज को सिर्फ़ "डिस्पोज़ेबल गिलास" की तरह इस्तेमाल किया है।

उन्होंने साफ़ कहा कि अब मुसलमान अपनी राजनीतिक लड़ाई ख़ुद लड़ेगा और इसके लिए प्रदेश की करीब 200 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी चल रही है। शौकत अली ने संकेत दिए कि आगामी विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन की संभावनाएं खुली हैं। उनका कहना है कि दलित और मुस्लिम के बीच एक नेचुरल अलायंस है और इसी सामाजिक आधार पर नई राजनीतिक धारा को मजबूत करने की कवायद तेज़ की जा रही है।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की 134 विधानसभा सीटें मुस्लिम बाहुल्य हैं, जहां मुस्लिम मतदाताओं की संख्या 20 से 40 प्रतिशत तक है। इन्हीं सीटों को केंद्र में रखकर रणनीति तैयार की जा रही है।

शौकत अली के मुताबिक, लोनी, मुरादनगर, धौलाना, मेरठ सिटी, मेरठ साउथ, धौरहरा, किठ्ठौर, अमरोहा, धनौरा, संभल, असमौली, काठ और कुदरकी जैसी अहम सीटों पर चुनाव लड़ने की ठोस तैयारी चल रही है। इसके अलावा सिद्धार्थनगर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, मटेरा-नानपारा और कैसरगंज जैसी सीटों पर भी संगठनात्मक गतिविधियां तेज़ की गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित