लखनऊ , नवंबर 23 -- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (सपा) ने एसआईआर प्रक्रिया में व्यापक अनियमितताओं और मतदाताओं को हो रही परेशानियों को लेकर मुख्य निर्वाचन अधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत की है।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आरोप लगाया है कि राज्य की 403 विधानसभा सीटों के 1,62,486 पोलिंग स्टेशनों पर बड़ी संख्या में बी.एल.ओ. द्वारा मतदाताओं को 2003 की मतदाता सूची की जानकारी उपलब्ध ही नहीं कराई जा रही है, जबकि एसआईआर प्रक्रिया में यह मूलभूत आवश्यकता है।
श्री श्यामलाल पाल ने अपने पत्र में कहा है कि कई जिलों में बी.एल.ओ. मतदाताओं से गणना-प्रपत्र के साथ पहचान दस्तावेज जमा करने का दबाव बना रहे हैं, जबकि 2003 की मतदाता सूची का विवरण भरने के लिए जानकारी उपलब्ध ही नहीं कराई जा रही। कई स्थानों पर केवल 2025 की मतदाता सूची का विवरण भरवाया जा रहा है। सपा ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में पोलिंग स्टेशनों पर 2003 की मतदाता सूची अब तक अपलोड नहीं की गई, जिससे मतदाता अपने विवरण की पुष्टि नहीं कर पा रहे हैं।
पत्र में सपा ने गाज़ियाबाद, लखीमपुर खीरी, संतकबीरनगर समेत कई जिलों को शामिल किया हैं। गाज़ियाबाद की कई विधानसभा सीटों पर बी.एल.ओ. मतदाताओं से गणना-प्रपत्र के साथ दस्तावेज मांग रहे हैं, जबकि 2003 की सूची उपलब्ध ही नहीं है। लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी क्षेत्र में 620 मतदाताओं के नाम 2003 की सूची और 2025 की गणना-प्रपत्र में मेल नहीं खाने की शिकायत दर्ज की गई है।
संतकबीरनगर के धनघटा विधानसभा क्षेत्र में पोलिंग स्टेशनों की एक बड़ी संख्या पर 2003 की मतदाता सूची अपलोड नहीं है, जिससे नौ दिसंबर को जारी होने वाले ड्राफ्ट रोल के समय मतदाता अनावश्यक रूप से परेशान होंगे।
श्री श्याम लाल पाल ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि सभी पोलिंग स्टेशनों पर 2003 की मतदाता सूची तुरंत उपलब्ध कराई जाए। गणना-प्रपत्र भरने की स्पष्ट प्रक्रिया बताई जाए। 2003 की सूची ऑनलाइन अपलोड कर पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। बी.एल.ओ. द्वारा घर-घर जाकर गणना-प्रपत्र का वितरण व संग्रह सुचारू रूप से कराया जाए।दस्तावेज मांगने जैसी अनियमितताओं में शामिल बी.एल.ओ. पर कार्रवाई की जाए।
सपा का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित न होने से लाखों मतदाता भ्रमित हैं और स्थिति सुधारने हेतु तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित