हरदोई , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रामनवमी के अवसर पर समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व प्रदेश सचिव यदुनंदन लाल राजपूत (वर्मा) का आपत्तिजनक बयान सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। पुलिस ने इस मामले में हरपालपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सांडी थाना क्षेत्र के अंटवा खेरवा गांव में गुरुवार को सम्राट अशोक जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में यदुनंदन लाल ने अपने भाषण के दौरान भगवान राम और हिंदू धार्मिक ग्रंथों को लेकर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसका वीडियो रामनवमी के दिन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया।
वीडियो सामने आने के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने बयान की निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और विरोधी दल इसे मुद्दा बनाकर सपा पर निशाना साध रहे हैं। इस बीच सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली ने बयान को नेता का निजी वक्तव्य बताते हुए कहा कि वर्तमान में वह पार्टी के किसी पद पर नहीं हैं और पार्टी का इससे कोई संबंध नहीं है।
पुलिस उपाधीक्षक (हरपालपुर) सतेंद्र सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर हरपालपुर थाने में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि संबंधित नेता पर पूर्व में भी विवादित बयानबाजी के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित