प्रयागराज , सितंबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मंगलवार देर शाम समाजवादी पार्टी जिला सचिव एवं पूर्व प्रधान की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक हमलावर मोटरसाइकिल से पहुंचे थे। पीछे बैठे युवक ने सपा नेता को गोली मारी थी। जांच में पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई है। पुलिस ने 42 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों को हिरासत में लिया है।
उल्लेखनीय है कि सपा नेता पवन हंडिया कस्बे में कैफे से निकलकर अपनी कार के पास पहुंचे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन्हें गोली मार दी थी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
वारदात के बाद पुलिस ने हंडिया टोल प्लाजा समेत आसपास के करीब 42 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए। इसके आधार पर पुलिस ने लल्ला यादव, बृजेश यादव और निहाल अली को हिरासत में लिया पूछताछ में सामने आया कि तीनों मोटरसाइकिल से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। निहाल मोटरसाइकिल चला रहा था, बृजेश बीच में और लल्ला सबसे पीछे बैठा था। लल्ला यादव ने पवन यादव पर फायरिंग की।
पूछताछ में पवन और लल्ला के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और दो तमंचे भी बरामद कर लिए गए हैं। दोनों तमंचे और कारतूस 20 हजार रुपए में खरीदे गए थे।
सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता निधि यादव ने कहा की आज जिस तरह से प्रयागराज में आप देख रहे हैं कि इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया, हंडिया टाउन एरिया जो चलता फिरता और भीड़भाड़ वाला इलाका है, दिन-दहाड़े पूर्व प्रधान संघ के अध्यक्ष की हत्या कर दी गई। इस प्रदेश में जंगलराज व्याप्त है, किसी की सुरक्षा यह सरकार नहीं कर सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित