रायबरेली , सितंबर 19 -- फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में सपा छात्र सभा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) का धरना शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने हुआ। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका द्वारा कमेटी गठित कर मामले की जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद पार्टी ने धरना फिलहाल स्थगित कर दिया। सपा जिलाध्यक्ष ईं. वीरेंद्र सिंह यादव ने शनिवार को बताया कि जिलाधिकारी ने मामले में कार्रवाई के लिए तीन दिन का समय मांगा है। उन्होंने कहा कि निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर पार्टी आगे की रणनीति तय करेगी। सपा नेताओं ने शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह पर अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। धरने में विधायक राहुल लोधी, श्याम सुंदर भारती समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित