लखनऊ , सितंबर 30 -- समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए धनराज परिमल नाथवानी को प्रत्याशी बनाकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। पार्टी ने उनके साथ वरिष्ठ नेता एवं सांसद प्रो. राम गोपाल यादव को भी प्रत्याशी घोषित किया है।
दोनों उम्मीदवार बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सुबह 11 बजे नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। धनराज परिमल नाथवानी उद्योग जगत से जुड़े हैं और रिलायंस समूह में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते हैं। उनके पिता परिमल नाथवानी राज्यसभा के सदस्य हैं और सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जुड़े हुए हैं। ऐसे में पिता के राजग से राज्यसभा सदस्य होने और बेटे को समाजवादी पार्टी द्वारा राज्यसभा का प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर राजनीतिक हलकों में इस फैसले की विशेष चर्चा हो रही है।
सपा की ओर से धनराज नाथवानी का नाम ऐसे समय सामने आया है, जब पार्टी उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए होने वाले चुनाव में तीसरा प्रत्याशी उतारने की रणनीति पर काम कर रही थी। पार्टी के पास मौजूदा विधानसभा संख्या बल के आधार पर दो सीटों पर जीत के लिए पर्याप्त समर्थन माना जा रहा था और तीसरे प्रत्याशी को लेकर पिछले कई दिनों से अलग-अलग नामों की चर्चा थी।
पार्टी ने अंततः प्रो. राम गोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी के नाम पर मुहर लगाई है। सपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार दोनों उम्मीदवार अखिलेश यादव की मौजूदगी में नामांकन करेंगे। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 रिक्त सीटों के लिए मतदान 16 अक्टूबर को होना है। नामांकन प्रक्रिया 29 सितंबर से शुरू हुई है और छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
चुनाव में सपा द्वारा तीसरा प्रत्याशी उतारने के फैसले के बाद राज्यसभा चुनाव के राजनीतिक समीकरण को लेकर गतिविधियां बढ़ गई हैं। नाथवानी के नाम ने इस मुकाबले को एक अलग राजनीतिक आयाम भी दिया है। एक ओर उनके पिता परिमल नाथवानी राजग के समर्थन से राज्यसभा में हैं, वहीं उनके पुत्र अब समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में उच्च सदन में पहुंचने की कोशिश करेंगे। इस फैसले को लेकर राजनीतिक दलों और नेताओं के बीच चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित