कौशांबी , जून 16 -- केंद्र एवं प्रदेश सरकार की नीतियों बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सांसद पुष्पेंद्र सरोज के नेतृत्व में जिला मुख्यालय मंझनपुर में जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर नौ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन सौंपने से पहले सपा कार्यकर्ताओं की बैठक पार्टी कार्यालय में सांसद सरोज की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की पीडीए यानी पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक विरोधी नीतियों पर चर्चा की गई। सांसद ने कहा कि अब देश की जनता बदलाव चाहती हैं। समाजवादी पार्टी सब का सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने आवाहन किया कि लोगों को सपा के लाल झंडा के नीचे संगठित होने की आवश्यकता है।
सांसद सरोज ने कहा कि भाजपा के केंद्र और राज्य की सरकार जन विरोधी है लगातार गैस, पेट्रोल डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं। महंगाई की मार से लोग परेशान हैं। बिजली दरों में 10 प्रतिशत की गई बढ़ोतरी पर विद्युत बिल से उपभोक्ता परेशान है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार व्याप्त है। बिना रिश्वत के आम आदमी का कहीं कोई काम नहीं हो रहा है, यहां तक कि राम मंदिर नाम पर प्रदेश में भाजपा ने सरकार ने मंदिर के नाम पर जो चंदा लिया उसमें भी चोरी हो गई इसकी भी केन्द्रीय जांच ब्यूरों और प्रवर्तन निदेशालय से जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश और केंद्र सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण अयोध्या में भी भाजपा लोकसभा चुनाव हार गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित