इटावा , मार्च 14 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के गृह नगर सैफई में घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आलू किसानों की समस्याओं को लेकर शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
सैफई थाने के सामने गोल चक्कर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मौके पर चूल्हा जलाकर रोटी बनाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन का नेतृत्व सपा के सैफई ब्लॉक अध्यक्ष संतोष शाक्य, छात्र सभा के जिला अध्यक्ष रवि विधायक और प्रदेश सचिव विजय यादव ने किया। बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल रहीं। कई कार्यकर्ताओं ने हाथों में गैस सिलेंडर लेकर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए "योगी मुर्दाबाद" और "मोदी मुर्दाबाद" के नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता और किसान परेशान हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "नाम नरेंद्र, काम सिलेंडर" जैसे नारे भी लगाए। प्रदर्शन के दौरान काफी देर तक कोई प्रशासनिक अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं पहुंचा, जिससे कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। एक कार्यकर्ता सड़क के बीचों-बीच बैठ गया और सपा कार्यकर्ताओं ने इटावा-मैनपुरी रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहने से यातायात प्रभावित रहा और मौके पर जमकर नारेबाजी होती रही।
करीब आधे घंटे बाद सैफई थाने से एक महिला दरोगा और दो सिपाही मौके पर पहुंचे। इसके बाद तहसीलदार सैफई आभा चौधरी ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया।
ज्ञापन सौंपने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों को कम करने और आलू किसानों को उचित मूल्य दिलाने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित