बैतूल , सितंबर 19 -- मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को कहा कि विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने के साथ अपने भविष्य और देश की दिशा की भी परिकल्पना करनी चाहिए। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में समाज और देश का नेतृत्व करेंगे तथा उनके सपने भारत के भविष्य को दिशा दे सकते हैं।

श्री खंडेलवाल शासकीय सांदीपनि कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैतूल बाजार में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित 'मेरे सपनों का भारत' चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई चित्रकलाओं का अवलोकन किया और उनकी कल्पनाओं के बारे में जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल चित्र बनाना या भाषण देना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को यह सोचने के लिए प्रेरित करना है कि वे भविष्य में अपने देश और समाज को किस रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन का लक्ष्य तय करना चाहिए। कोई डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक या व्यवसायी बनना चाहता है तो उसे सपने के साथ उसके लिए लक्ष्य और दिशा भी निर्धारित करनी होगी।

श्री खंडेलवाल ने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और बुजुर्गों से 30-50 वर्ष पहले बैतूल तथा देश की स्थिति के बारे में जानकारी लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को यह समझना चाहिए कि आजादी के समय देश कहां था, वर्तमान में कहां पहुंचा है और आगामी 20-30 वर्षों में उसे किस दिशा में ले जाना है।

कार्यक्रम में छात्रा परिधी राठौर ने गणेश नृत्य, रुद्र देशमुख ने एकल गायन, त्रिवेणी रावंदे ने विकसित भारत की संकल्पना पर भाषण तथा कक्षा 10वीं की छात्राओं ने गोंडी लोकगीत प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में छात्राओं ने विधायक को स्वयं तैयार की गई मंडाला और मधुबन आर्ट की फ्रेम भेंट की। श्री खंडेलवाल ने रश्मि पवार की मधुबन आर्ट तथा वर्तिका पवार और स्वीटी की मंडाला आर्ट की सराहना की।

चित्रकला प्रतियोगिता में भूमिका नावंगे प्रथम, जायस लिल्होरे द्वितीय और ललित मोगरकर तृतीय रहे। विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विधायक ने प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 हजार तथा द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित