बैतूल , सितंबर 19 -- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बैतूल के सांदीपनि विद्यालय, बैतूल बाजार में 'मेरे सपनों का भारत' तथा विवेकानंद विज्ञान महाविद्यालय में 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' के तहत आयोजित नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से सपने देखने, भविष्य की परिकल्पना करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्षों में लोगों के जीवन में अनेक सकारात्मक परिवर्तन आए हैं। आज स्कूल-कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चे ही आने वाले समय में समाज और देश का नेतृत्व करेंगे। इसलिए विद्यार्थियों को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ पढ़ाई करते हुए विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को साकार करने में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने 'मेरे सपनों का भारत' के तहत आयोजित चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य केवल चित्र बनाना या भाषण देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को यह सोचने के लिए प्रेरित करना है कि वे भविष्य में देश और समाज को किस रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने सपने के साथ लक्ष्य और दिशा भी तय करनी चाहिए। विद्यार्थियों को अपने वर्तमान को समझने के साथ अतीत की स्थिति की जानकारी भी लेनी चाहिए और अपने माता-पिता, दादा-दादी तथा बुजुर्गों से 30 से 50 वर्ष पहले बैतूल, गांव और देश की स्थिति के बारे में पूछना चाहिए।
उन्होंने कहा कि तकनीक के दौर में बच्चों के पास दुनिया और भविष्य के बारे में जानकारी हासिल करने के अनेक साधन हैं। इस जानकारी का उपयोग अपने सपनों को सही दिशा देने में किया जाना चाहिए। भारत का निर्माण केवल सरकार या किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि करोड़ों नागरिकों के योगदान से होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
विवेकानंद विज्ञान महाविद्यालय में नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के बाद श्री खंडेलवाल ने कहा कि बदलते भारत की विकास यात्रा को समझने की जरूरत है। कलाकारों ने विकसित भारत के संकल्प और आने वाले भारत की संभावनाओं को अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश ने विकास की नई दिशा में कदम बढ़ाया। उनके अनुसार प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी और अब भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की और कहा कि ऐसे प्रयास नकारात्मक सोच से सकारात्मक सोच की ओर ले जाने में सहायक हैं।
श्री खंडेलवाल ने शनिवार को विजय सेवा न्यास के माध्यम से संरक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों और उनके पालकों को अपने बैतूल स्थित निवास पर आमंत्रित कर उनके साथ श्रीगणेश की पूजा-अर्चना और आरती की। इसके बाद सहभोज का आयोजन किया गया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों की जानकारी ली तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बच्चों से कहा कि वे स्वयं को बेसहारा न समझें। उनके साथ सेवा के साथ अपनत्व और परिवार जैसा भावनात्मक रिश्ता है। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, रोजगार और भविष्य के लिए हरसंभव सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।
विजय सेवा न्यास के 'बेसहारा को सहारा' सेवा प्रकल्प के तहत विभिन्न घटनाओं एवं दुर्घटनाओं में माता-पिता अथवा परिजनों को खोने वाले बच्चों को संरक्षण दिया जा रहा है। न्यास के माध्यम से अब तक 44 परिवारों के 69 बच्चों को संरक्षण देकर उनकी कक्षा 12वीं तक की शिक्षा की जिम्मेदारी ली गई है।
विजय सेवा न्यास की स्थापना श्री खंडेलवाल ने अपने पिता एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल की स्मृति में की है। न्यास के माध्यम से विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिला भाजपा अध्यक्ष सुधाकर पवार, नगर परिषद अध्यक्ष दुर्गावती वर्मा, राजेंद्र सिंह राजपूत सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित