मुंबई , जुलाई 31 -- सन पिक्चर्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित तमिल रोमांटिक एक्शन थ्रिलर फिल्म 'डीसी' का ट्रेलर जारी कर दिया है। फिल्म 07 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसके नॉर्थ इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी धर्मा प्रोडक्शंस संभालेगा।
अपराध, जुनून और संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन अरुण मथेश्वरन ने किया है। फिल्म की खास बात यह है कि सुपरहिट फिल्मों के निर्देशक लोकेश कनगराज पहली बार किसी फिल्म में मुख्य अभिनेता के रूप में नजर आएंगे। उनके साथ वामिका गब्बी मुख्य भूमिका निभा रही हैं।
ट्रेलर में दमदार एक्शन, भावनात्मक दृश्यों और भव्य विजुअल्स की झलक देखने को मिलती है। फिल्म में लोकेश कनगराज देवदास की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका हिंसक अतीत उसे कानून और अपराध की दुनिया के बीच सबसे बड़ा निशाना बना देता है। वहीं वामिका गब्बी चंद्रा के किरदार में नजर आएंगी, जिसकी जिंदगी देवदास से टकराने के बाद अप्रत्याशित मोड़ लेती है। दोनों की प्रेम कहानी विश्वासघात, बलिदान और खतरों के बीच आगे बढ़ती है।
सन पिक्चर्स इससे पहले 'जेलर', 'बीस्ट', 'अन्नात्थे' और 'सरकार' जैसी सफल फिल्में प्रस्तुत कर चुका है। 'डीसी' को लेकर भी दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। फिल्म में संजना कृष्णमूर्ति भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी।
फिल्म की अतिरिक्त पटकथा अरुण रंजन ने लिखी है, जबकि संवाद अरुण मथेश्वरन और फ्रैंकलिन जैकब ने तैयार किए हैं। सिनेमैटोग्राफी मुकेश जी और संपादन जी. के. प्रसन्ना ने किया है।
फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। बताया गया है कि फिल्म के लिए 15 गीतों का विस्तृत साउंडट्रैक बनाया गया है, जो फिल्म के रोमांच और भावनात्मक पक्ष को और प्रभावी बनाता है।
सन पिक्चर्स और धर्मा प्रोडक्शंस की यह साझेदारी विभिन्न भाषाओं की फिल्मों को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित