ग्वालियर , मार्च 02 -- राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने कहा कि सनातन संस्कृति ही हमारी पहचान है।
महाराष्ट्र के पूर्णवाद युवा फोरम तथा पूर्णकन्या प्रतिष्ठान द्वारा तीन दिवसीय युवा सम्मेलन का कल मध्यप्रदेश के ग्वालियर में उद्घाटन हुआ, जिसे संबोधित करते हुए श्री बागड़े ने ये बात कही। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ऑनलाइन शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री बागडे और जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजकुमार आचार्य ने किया।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री बागड़े ने कहा कि हमारे जीवन के मूल में हमारी सनातन परम्परा है, जिसे पहले मुगलों ने फिर अंग्रेजों ने समाप्त करने का प्रयास किया, लेकिन हमारी संस्कृति और परंपरा की जड़ें इतनी गहरी हैं कि आज तक उनको कोई मिटा नहीं सका।
उन्होंने कहा कि हमें मैकाले की शिक्षा पढ़ाई गई, लेकिन हमारे महापुरुषों के बारे में कम जानकारियां दी गई। इन्हीं महापुरुषों की वजह से आज तक हमारी संस्कृति और परंपरा जीवित है। इसमें पूर्णवाद प्रतिष्ठान बेहद जरूरी भूमिका निभा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित