बहराइच , जुलाई 13 -- ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोमवार को बहराइच पहुंचकर गौ संरक्षण के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गाय को 'राज्य माता' घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गाय केवल एक पशु नहीं, बल्कि गौमाता के रूप में पूजनीय है और सरकार को इसी भावना के अनुरूप निर्णय लेना चाहिए। बहराइच आगमन पर पत्रकारों से बातचीत में शंकराचार्य ने कहा कि उनका समर्थन किसी राजनीतिक दल के साथ नहीं, बल्कि गौमाता के संरक्षण और सम्मान के पक्ष में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी सरकार या राजनीतिक दल गौवंश की सुरक्षा और संवर्धन के लिए ठोस कदम उठाएगा, वे उसका समर्थन करेंगे।

उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर चुनावों के दौरान किए गए गौरक्षा संबंधी वादों को अपेक्षित स्तर पर पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि यदि सरकार गौ संरक्षण के अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन नहीं कर पाती है, तो उसके समर्थन का औचित्य स्वतः समाप्त हो जाता है।

शंकराचार्य ने उत्तर प्रदेश सरकार से गाय को 'राज्य माता' घोषित करने की मांग दोहराते हुए कहा कि यदि सरकार यह निर्णय ले लेती है, तो उनकी गौ संरक्षण यात्रा का उद्देश्य पूरा हो जाएगा और यात्रा यहीं समाप्त कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज ने गौरक्षा की भावना के साथ मतदान किया था, लेकिन आज भी प्रदेश में निराश्रित एवं असुरक्षित गौवंश की स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। उन्होंने बहराइच से गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए व्यापक जनजागरण की शुरुआत करने का आह्वान किया।

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में शंकराचार्य ने कहा कि चोरी की घटना हुई है, लेकिन मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने चंपत राय को मिली क्लीन चिट के संबंध में कहा कि किसी व्यक्ति को वास्तविक क्लीन चिट देने का अधिकार जनता के पास है और जनता ने अभी तक इस विषय पर अपना अंतिम निर्णय नहीं दिया है।

इससे पूर्व बहराइच पहुंचने पर चेतरा स्थित हनुमान मंदिर के निकट शंकराचार्य का भव्य स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम में पुण्डरीक पांडेय, दीपक त्रिवेदी, महेंद्र तिवारी, आदर्श शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समर्थक उपस्थित रहे। इसके बाद उत्तम नगर स्थित समाजवादी पार्टी की नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य मीना दीक्षित के आवास पर भी उनका अभिनंदन किया गया, जहां पूर्व विधायक के.के. ओझा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह तथा विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि शंकराचार्य स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इन दिनों देशभर में गौ संरक्षण और गौ सम्मान को लेकर जनजागरण अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में उनका बहराइच दौरा भी गौ संरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर जनसमर्थन जुटाने और सरकार का ध्यान इस विषय की ओर आकर्षित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित