देवरिया , अगस्त 02 -- त्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रवक्ता एस एन सिंह ने रविवार को सनातन परंपरा पर हो रही टिप्पणियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इससे समाज आहत है।
प्रदेश प्रवक्ता श्री सिंह ने यहां कहा कि जिन लोगों ने कभी भगवान राम का नाम नहीं लिया, राम को काल्पनिक बताया और राम मंदिर के दर्शन नहीं किए, वही लोग आज संसद में जाकर सनातन धर्म का चरित्र-चित्रण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संपूर्ण सनातन समाज इस बात से आहत है। यदि यही टिप्पणी किसी अन्य धर्म के बारे में की जाती तो स्थिति अलग होती, क्योंकि सनातन धर्म क्षमा की परंपरा है।
प्रदेश प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोग सनातन के नाम पर ढोंग कर रहे हैं और साधु-संतों को निशाना बना रहे हैं। जो लोग गलत कार्यों के कारण सामाजिक और राजनीतिक जीवन में कलंकित हैं।वे आज कलयुग के कालनेमी का रूप धारण कर संसद परिसर में सनातन, भगवा और साधु-संतों को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यही बात यदि किसी अन्य धर्म के लिए कही जाती तो सर तन से जुदा हो जाता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित