हैदराबाद , अप्रैल 13 -- कप्तान इशान किशन (91) की तूफानी पारी के बाद प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ( चार-चार विकेट) के ऐतिहासिक प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद ने सोमवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 57 रनों से जीत दर्ज की। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के सत्र में आरआर की यह पहली हार है।

217 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत बेहद खराब रही और आईपीएल में पर्दापण करने वाले तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने अपने पहले ही ओवर में तीन विकेट झटक कर आरआर को झकझोर दिया। वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-द्रे प्रेटोरियस को खाता खोलने का भी मौका नहीं मिला। अगले ही ओवर में साकिब हुसैन ने यशस्वी जायसवाल (एक) का शिकार कर लिया। अपना दूसरा ओवर करने आये हिंगे ने कप्तान रियान पराग (चार) को अभिषेक के हाथों कैच आउट करा दिया। एक समय आरआर ने नौ रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिये थे। ऐसे संकट के समय रवींद्र जडेजा और डॉनोवन फरेरा ने ना केवल पारी को संभाला तेजी के साथ रन भी बटोरे। दोनों बल्लेबाजों छठे विकेट के लिए 72 गेंदों में 118 रन जोड़े। 15वें ओवर में साकिब हुसैन ने फरेरा को आउट कर इस साझेदारी को अंत किया। फरेरा ने 44 गेंदों में सात चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 69 रनों की पारी खेली।

अगले ही ओवर में सलील अरोड़ा ने रवींद्र जडेजा का शिकार कर लिया। रवींद्र जडेजा ने 32 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 45 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में साकिब हुसैन ने जोफ्रा आर्चर (दो) को आउट कर पवेलियन भेज दिया। इशान मलिंगा ने 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर तुषार देशपांडे (25) को आउटकर 159 के स्कोर पर आरआर की पारी का अंत कर मुकाबला 57 रनों से अपने नाम कर लिया। सनराइजर्स हैदराबाद की टूर्नामेंट में यह दूसरी जीत है। ओवर की आखिरी गेंद पर साकिब ने रवि बिश्नोई (शून्य) का भी शिकार कर मैच में अपना चौथा विकेट झटका। ईशान मलिंगा को दो विकेट मिले।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए प्रफुल्ल हिंगे ने 34 रन देकर चार विकेट लिये। वहीं साकिब हुसैन ने 24 रन देकर चार विकेट झटके।

सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे सोमवार आईपीएल पर्दापण में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पहले ही ओवर में दो रन देकर तीन विकेट झटकर इतिहास रच दिया। वह आईपीएल में यह कारनामा करने वाले पहले गेंदबाज बन गये है। प्रफुल हिंगे ने अपने आईपीएल करियर के पहले ही ओवर में तीन विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इसके बाद अपने दूसरे ओवर में रियान पराग को आउटकर अपना चौथा विकेट लिया।

प्रफुल हिंगे इतिहास में ऐसे पहले गेंदबाज हैं, जिन्होंने आईपीएल मैच की किसी पारी के पहले ही ओवर में 3 विकेट झटके है। वह पारी के पहले ओवर में 2 रन देकर तीन विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। आईपीएल के इतिहास में 32 बार ऐसा हुआ है जब किसी गेंदबाज ने पारी के पहले ओवर में दो विकेट लिए हैं, लेकिन हिंगे की इस जबरदस्त गेंदबाजी से पहले कोई भी गेंदबाज़ तीन विकेट लेने की इस मंजिल तक नहीं पहुंच पाया था। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए, यह एक जानी-पहचानी याद भी ताजा करता है। इससे पहले, पारी की शुरुआत में इसी तरह का नुकसान केवल भुवनेश्वर कुमार ने पहुंचाया था। उन्होंने 2024 में, इसी मैदान पर और इसी विरोधी टीम के खिलाफ खेलते हुए, पारी के पहले ही ओवर में दो विकेट लिए थे। उस मैच में उन्होंने जोस बटलर और संजू सैमसन को आउट किया था।

आज यहां इससे पहले कप्तान इशान किशन (91) और हाइनरिक क्लासन (40 ) की शानदार पारियों के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ छह विकेट पर 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को पहले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने अभिषेक को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज कर पहल झटका दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये इशान किशन ने ट्रेविस हेड के साथ दूसरे विकेट के लिए 54 रन जोड़े। सातवें ओवर में रियान पराग ने ट्रेविस हेड (18) का शिकार कर हैदराबाद को दूसरा झटका दिया। हाइनरिक क्लासन ने इशान किशन के साथ पारी को संभाला और स्कोर को 143 तक ले गये, इसी दौरान 14वें ओवर में संदीप शर्मा ने शतक की ओर बढ़ रहे इशान किशन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर बड़ा शिकार किया। इशान किशन ने 44 गेंदों में आठ चौके और छह छक्के उड़ाते हुए 91 रनों की पारी खेली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित