मुंबई , जनवरी 29 -- सनत सांगवान (118) और वैभव कांडपाल की उनके साथ शतकीय साझेदारी की बदौलत दिल्ली ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मुकाबले में मुंबई के खिलाफ 221 का स्कोर बनाया और उसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई का दिन का खेल समाप्त होने के समय 13 रन पर एक विकेट झटक लिया।
आज यहां टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने अपना पहला विकेट ध्रुव कौशिक (सात) के रूप में गंवा दिया। उन्हें तुषार देशपांडे ने बोल्ड आउट किया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये वैभव कांडपाल ने सनत सांगवान के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिय 100 रनों की साझेदारी हुई। 38वें ओवर में शम्स मुलानी ने वैभव कांडपाल (32) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद मोहित अवस्थी ने तीन विकेट झटक कर दिल्ली को झकझोर दिया। आर्यन राणा (10), कप्तान आयुष डोसेजा (शून्य) और सुमित माथुर (दो) रन बनाकर आउट हुये। 70वें ओवर में शम्स मुलानी ने सनत सांगवान को आउटकर दिल्ली के बड़े स्कोर की उम्मीद को तोड़ दिया। सनत सांगवान ने 218 गेंदों में 11 चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 118 रनों की पारी खेली। प्रणव राजवंशी (39) ने कुछ देर संघर्ष किया। वह नौंवें विकेट के रूप में आउट हुए। 77वें ओवर में मोहित अवस्थी ने मनी ग्रेवाल (शून्य) को आउट कर दिल्ली की पारी को 221 पर समेट दिया। मुंबई के लिए मोहित अवस्थी ने पांच विकेट लिये। तुषार देशपांडे और शम्स मुलानी को दो-दो विकेट मिले।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने दिन का खेल समाप्त होने के समय एक विकेट पर 13 रन बना लिये है। अखिल हरवाड़कर नाबाद चार और तुषार देशपांडे बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद थे।
पंजाब के नौ विकेट पर 303 रनमोहाली: एक अन्य मैच में पंजाब ने अभिजीत गर्ग (81) और इमनजोत सिंह चहल (नाबाद 77) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर दिन का खेल समाप्त होने के समय कर्नाटक के खिलाफ नौ विकेट पर 303 रन बना लिये है। कर्नाटक के लिए विद्याधर पाटिल और श्रेयस गोपाल ने तीन-तीन विकेट लिये। मोहसिन खान को दो विकेट मिले। प्रसिद्ध कृष्णा ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित