पटना , मई 21 -- ेश के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व राजीव गांधी की 35 वीं पुण्यतिथि (बलिदान दिवस) एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष स्व सदानंद सिंह की 83 वीं जयंती गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधान परिषद में कांग्रेस दल के नेता डॉ. मदन मोहन झा ने की।इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने अपने निजी आवास पर स्व.राजीव गांधी को उनके 35वीं पुण्यतिथि पर माल्यार्पण किया। साथ ही उन्होंने पूर्व विधान सभा अध्यक्ष स्व. सदानंद सिंह के 83 वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि की।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा और स्व सदानंद सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि स्व.राजीव गांधी ने देश को आधुनिक भारत की दिशा दी तथा सूचना प्रौद्योगिकी, पंचायती राज और युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कार्य किए। वहीं स्व सदानंद सिंह ने बिहार कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनसरोकार की राजनीति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि राजीव गांधी का बलिदान देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सदानंद सिंह का राजनीतिक जीवन सादगी, संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण का उदाहरण रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित