पटना , अप्रैल 18 -- बिहार कांग्रेस ने शनिवार को सदाकत आश्रम स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में तीन दिवसीय "सर्वोदय संकल्प शिविर" का शुभारंभ किया। शिविर का उद्घाटन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने किया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने इस अवसर पर शिविर में प्रशिक्षण ले रहे कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज ऐसे समय में यह प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जब देश में महात्मा गांधी की विचारधारा को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बापू के सत्य, अहिंसा और सर्वोदय के सिद्धांतों को समाज के बीच फिर से मजबूत करने के उद्देश्य से इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर रही है।
श्री राम ने कहा कि यह शिविर कार्यकर्ताओं को गांधीवादी विचारधारा के अनुरूप जीवन शैली और कार्यशैली सीखाने के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि इस शिविर के माध्यम से कार्यकर्ता गांधीगिरी की भावना को समझेंगे और समाज में उसे लागू करने की दिशा में कार्य करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित