बैतूल , सितंबर 27 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में रविवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर स्थित एक स्कूल में प्रार्थना सभा को लेकर विवाद हो गया।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के कार्यकर्ताओं ने यहां लोगों का धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया है।

राष्ट्रीय हिंदू सेना के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय के अनुसार संगठन को सूचना मिली थी कि सदर क्षेत्र के एक स्कूल में सौ से अधिक लोगों को एकत्र कर धर्मांतरण कराया जा रहा है। सूचना के बाद संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उनका दावा है कि वहां प्रार्थना सभा चल रही थी और बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल थे।

मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। इसके बाद राष्ट्रीय हिंदू सेना के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू कर दिया। काफी देर तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं को समझाइश दी और मामले में जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि प्रार्थना सभा के दौरान धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में धर्मांतरण कराया जाना पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

राष्ट्रीय हिंदू सेना की ओर से इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

श्री मालवीय ने आरोप लगाया कि कुछ मिशनरी से जुड़े लोग भोली-भाली जनता को कथित तौर पर लालच देकर धर्मांतरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की ओर से आंदोलन किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल आरोपों की जांच की जा रही है। पूछताछ और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित